आज एक वरिष्ठ पत्रकार की बात ने एक असहज लेकिन जरूरी सवाल खड़ा कर दिया राहुल गाँधी आखिर किनके लिए लड़ रहे हैं? किन लोगों को जगाने की कोशिश कर रहे हैं?
यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राहुल गांधी उस राजनीतिक परिवार से आते हैं जिसकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके सामने सुविधाओं और सुरक्षित जीवन के तमाम रास्ते खुले थे। वे चाहें तो राजनीति से दूर रहकर देश-विदेश में आराम की जिंदगी गुजार सकते थे। लेकिन उन्होंने सार्वजनिक जीवन और संघर्ष का रास्ता चुना।
राहुल गांधी की राजनीति से असहमति हो सकती है। उनके तौर-तरीकों, बयानों और राजनीतिक रणनीति पर सवाल भी उठाए जा सकते हैं। लेकिन यह भी सच है कि वे लगातार बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक न्याय, युवाओं, किसानों और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े सवालों को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश करते आ रहे हैं। ऐसे में असली सवाल राहुल गांधी से नहीं भारतीय समाज से है। जिस व्यक्ति के पास निजी तौर पर आरामदायक जीवन जीने के पर्याप्त विकल्प मौजूद हों वह यदि लगातार सार्वजनिक मुद्दों पर संघर्ष का रास्ता चुनता है तो उसके सवालों को कम से कम सुना तो जाना चाहिए। हो सकता है राहुल गांधी गलत हों। हो सकता है उनकी राजनीति से देश का एक बड़ा वर्ग सहमत न हो। लोकतंत्र में यह बिल्कुल स्वाभाविक है। लेकिन किसी राजनीतिक व्यक्ति से असहमति का अर्थ यह नहीं कि उसके उठाए सवाल भी निरर्थक हो जाएं। राहुल किनके लिए लड़ रहे हैं इसका अंतिम फैसला इतिहास नहीं जनता करेगी। लेकिन लोकतंत्र में सवाल यह भी होना चाहिए कि जिनके लिए कोई लड़ने का दावा कर रहा है वे खुद अपने सवालों के लिए कब खड़े होंगे?
[जयदास मानिकपुरी रायपुर छत्तीसगढ़ से स्वतंत्र पत्रकार हैं, जो कई वर्षों से सामाजिक अन्याय, प्रशासनिक लापरवाही, और जनसमस्याओं को उजागर करने वाले रिपोर्ट लिखते रहे हैं। उन्होंने कई जनहित याचिकाओं, ग्रामीण आंदोलनों और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर गहरी रिपोर्टिंग की है।]


0 Comments