TOP STORIES

जालौन में गैस सिलेंडर लीक होने से कच्चे मकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर राख

जालौन: कोंच कोतवाली क्षेत्र के लौना गांव में रविवार शाम गैस सिलेंडर में रिसाव होने से एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

खाना बनाते समय हुआ हादसा

लौना गांव निवासी रामलता (पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र) के घर रविवार शाम करीब 6:30 बजे खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से लीकेज शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग की लपटों ने कच्चे मकान के साथ बगल में बने छप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी।

करीब एक लाख रुपये का नुकसान

दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के प्रयासों से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक घर की पूरी गृहस्थी जल चुकी थी। आग में करीब:

 5 क्विंटल गेहूं
 2 बोरी आटा
 4 क्विंटल भूसा
 कपड़े और रोजमर्रा का जरूरी सामान

पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़िता का लगभग एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जिससे परिवार के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि नुकसान का मुआयना कर पीड़ित महिला को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा दिलाया जाए।

Post a Comment

0 Comments