कालपी, जालौन : कालपी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगभग 10 गांवों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया। बदहाल सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने राहुल राय प्रजापति (जॉइंट को-ऑर्डिनेटर, कांग्रेस ओबीसी एवं प्रदेश सचिव, राष्ट्रीय भारतीय कांग्रेस, उत्तर प्रदेश) के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कालपी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि गुलौली, सुरौली, हवेली और बगिया समेत करीब दस गांवों को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग लंबे समय से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि आए दिन राहगीर चोटिल हो रहे हैं और वाहनों का निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता राहुल राय प्रजापति ने कहा, "यह सड़क क्षेत्र की लाइफलाइन है, लेकिन इसकी हालत नरकीय हो चुकी है। ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। अगर जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।"
प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सद्दाम खान कादरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने और बच्चों को स्कूल जाने में भारी कठिनाई होती है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को इस समस्या से स्थायी निजात मिल सके। एसडीएम ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में सड़क निर्माण की हुंकार भरी।

0 Comments