झांसी/हमीरपुर : यूपी में अपराधी सरेआम बीच शहर अपराध मूत रहे हैं! हद तो तब हो गई जब झांसी में अपराधियों ने योगी की कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए भाजपा नेता को ही बीच सड़क पीट दिया। झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में हमीरपुर विधानसभा से चुनाव की तैयारी कर रहे जगतराज प्रजापति के साथ 12 और 13 अक्टूबर की मध्य रात्रि सड़क दुर्घटना के बाद अज्ञात बदमाशों ने जानवरों की तरह पिटाई कर दी. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सोचने वाली बात है कि जब भाजपा के अपने नेता सुरक्षित नहीं है तो आम जनता का क्या हाल होगा? लोग कह रहे है कि बदमाशों ने झांसी पुलिस की कानून व्यवस्था को धता बताते हुए जोरदार तमाचा रगड़ दिया! वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने अपना एक वीडियो बयान जारी कर पूरी घटना की सच्चाई बताई है और इसे एक सोची-समझी साजिश होने की आशंका जताई है.
क्या है पूरा मामला?
जारी किए गए बयान के अनुसार, पीड़ित की दो वर्षीय बेटी निमोनिया से पीड़ित थी और शाम को ही अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर आई थी. रात करीब 12:30 बजे बच्ची को सांस लेने में तकलीफ होने पर वे नेबुलाइज़र का ड्रॉप (दवा) लेने के लिए अपनी 'वरना' कार से अकेले ही निकले थे.
उनका कहना है कि बस स्टैंड के पास उन्होंने तीन गाड़ियों (दो बोलेरो और एक ब्रेज़ा, जिनका रजिस्ट्रेशन नंबर UP-96 यानी चित्रकूट जिले का था) को क्रॉस किया. कुछ ही देर में उन गाड़ियों ने ओवरटेक कर उनकी कार को आगे और पीछे से घेर लिया. आरोप है कि आगे चल रही गाड़ी के चालक ने अचानक रफ्तार बढ़ाकर एकदम से ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और अंदर धुआं भर गया.
बेल्ट और पत्थरों से हमला, फोन भी छीने
पीड़ित ने बताया कि जैसे ही वे कार का दरवाजा खोलकर बाहर निकले, उन गाड़ियों में सवार 7-8 अज्ञात लोग (जिनमें से कई नंगे पैर थे) दौड़ते हुए आए और उन्हें कार से खींच लिया. जबकि इस दौरान पीड़ित भाजपा नेता लगातार कह रहे थे कि वो नुकसान की सारी भरपाई करने को तैयार हैं. लेकिन हमलावरों ने उनकी एक न सुनी और बेल्ट और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके दोनों मोबाइल फोन भी छीन लिए और उन्हें फ्लाइट मोड पर डाल दिया ताकि वे किसी से मदद न मांग सकें.
पत्रकारों के पहुंचने पर भागे हमलावर
घटना के दौरान जब कुछ स्थानीय पत्रकार वहां पहुंचे और उन्होंने मारपीट का वीडियो बनाना शुरू किया, तब हमलावर अपनी गाड़ियों में बैठकर मौके से फरार हो गए. पत्रकारों की मदद से ही पीड़ित को उनके मोबाइल फोन वापस मिले, जिसके बाद उन्होंने अपने परिजनों और नजदीकी पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी.
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में झांसी के थाना नवाबाद में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले को लेकर झांसी की सीओ सिटी (CO City) का भी बयान सामने आया है और पुलिस हमलावरों की तलाश व मामले की जांच कर रही है. वहीं, पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए कि यह महज एक सड़क दुर्घटना का विवाद था या फिर दुर्घटना का बहाना बनाकर उन पर किया गया कोई सुनियोजित हमला. हालांकि की अब देखना ये होगा कि यूपी पुलिस की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब पुलिस कैसे देती है!


0 Comments